समालखा। चुलकाना रोड पर खाद्यापूर्ति और हैफेड के गोदाम के पास एक रास्ते को बंद करने के मामले में सोमवार को नगरपालिका जेई गौरव कुमार, कानूनगो महावीर व पटवारी बिजेंद्र मौके पर पहुंचे और मौके की निशानदेही की। इस दौरान किसान कुलदीप, संदीप, अजीत, हरजीत, रविंद्र, वेद भी मौजूद रहे। जेई गौरव कुमार ने बताया कि इसकी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को दी जाएगी और इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार यहां पर काफी समय पहले खाद्यापूर्ति विभाग ने हैफेड के साथ ही अपना गोदाम और कार्यालय बनाया गया था। उसके साथ ही खेतों और कई कालोनियों में जाने का आम रास्ता था। कुछ महीने पहले एक व्यक्ति ने इसकी निशानदेही करवाई गई तो उक्त रास्ते की जगह उसके नाम दर्ज मिली। इसके बाद उसने ये रास्ता बंद कर दिया। इससे गोदाम के दूसरी तरफ स्थित 300 एकड़ खेतों और काॅलोनियों को जाने वाले रास्ते की आवाजाही बंद हो गई है। किसानों का कहना है कि 2022 को रास्ता बंद किया गया था और उसके बाद से वे कई बार अधिकारियों से मिल लिए लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। अब उन्हें सात किलोमीटर का लंबा चक्कर काटकर अपने खेतों पर जाना पड़ रहा है।