खाद्य पदार्थों के नमूने लेती खाद्य विभाग की टीम। संवाद
समालखा। खाद्य सुरक्षा टीम ने साेमवार को महावीर बस्ती में मिठाई की दुकान से मावा और बर्फी के दो नमूने भरे हैं। उधर, टीम की भनक लगते ही बाजार में खलबली मच गई। कई दुकानदारों ने अपनी दुकान बंद कर दी।
सोमवार को खाद्य सुरक्षा टीम महावीर बस्ती में पहुंची। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डाॅ. बिरेंद्र सिंह ने बताया कि दुकान में मिलावटी मिठाई बनाने की शिकायत मिली थी। उन्होंने उस पर संज्ञान लेते हुए मावा और बर्फी के दो-दो नमूने लिए हैं। नमूनों को जांच के लिए चंडीगढ़ लैब में भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर, टीम की सूचना पर रेलवे रोड की परचून, मिठाई सहित सभी खाद्य पदार्थों की दुकानें बंद हो गई। दुकानदार एक-दूसरे से जांच टीम की गतिविधियों व लोकेशन के बारे में जानकारी लेते रहे। टीम के वापस आने के बाद दुकानदारों ने राहत की सांस ली और पांच बजे के बाद अपनी दुकान खोली।