माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना सेक्टर-29 क्षेत्र में सिवाह बस स्टैंड के पास कार पार्किंग के पैसे के विवाद में एक युवक ने गाड़ी मालिक के पेट में चाकू घोंप दिया। घायल युवक अपने परिवार के साथ कार में बैठे थे और चालक कुछ सामान खरीदने के लिए गया था। आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।
सोनीपत के खेड़ी गुर्जर गांव गोविंद ने बताया कि वह शनिवार रात को अपने परिवार के साथ पानीपत आए थे। कार उनका चालक अलमदीन उर्फ काला चला रहा था। रात को करीब 10 बजे चालक बस को सिवाह बस स्टैंड के पास खड़ी कर बच्चों को बस में बैठाने के लिए चला गया। इसी बीच वहां पर एक युवक आया और पार्किंग के पैसों की मांग की। पैसे नहीं देने पर गाड़ी हटाने के लिए कहा। जब उसने कहा कि उनका चालक अभी आ रहा है तो आरोपी ने अपने एक अन्य साथी को बुला लिया और मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने उनके पेट में चाकू मार दिया, जिससे वह घायल हो गए।
गाेविंद का कहना है कि एक युवक ने कहा कि मैं मेरा नाम संगम उर्फ बलाकिया है, मैं रिसालू का हूं जो होता होगा कर लेना। इसके बाद वह वहां से भाग गए। उन्हें शक है कि उसके साथ किसी रंजिश के तहत मारपीट की गई है। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। ब्यूरो