पानीपत। प्रकाश नगर में तीन बदमाशों ने रिटायर्ड टीचर को बंधकर बनाकर महज 33 मिनट में 15 लाख की लूट अंजाम दी। नगर निगम कर्मी बताकर घर में घुसे बदमाशों ने सेवानिवृत्त शिक्षिका को वृद्धा बोलकर पहले कुर्सी पर बैठाया। फिर बदमाश ने सामने बैठककर उनके हाथ और पैर पकड़ लिए। इतने में दूसरे बदमाश ने मुंह और गला दबा दिया। चुन्नी से उनके हाथ-पैर बांध दिए। इस दौरान दम घुटने और झटपटाने पर पर बदमाशों ने शिक्षिका को पानी भी पिलाया और धमकाया कि शोर मचाया तो गोली मार देंगे। बदमाश ने कहा कि उन्हें पता है कि बेटा कहां काम करता है, पुलिस के पास गई तो बेटे को जान से मार देंगे।
प्रकाश नगर निवासी शिक्षिका सुदेश रानी ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। बेटा जुगनू रेलवे रोड पर सीएसएल फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है। बीते माह 20 जून को उसकी शादी हुई है और तीन माह पहले बेटी हेमलता की शादी हुई। पुत्रवधू संजय चौक स्थित एक बैंक में कैशियर है। घर पर बेटी हेमलता के साथ ही पुत्रवधू और उनके पुश्तैनी जेवरात भी अलमारी में रखे थे। बदमाशों ने चार लाख नकद और करीब 20 तोले सोना लूट लिया। बदमाश दो सोने के गले के हार, टॉप्स, बालिया, आठ अंगूठी, उसके दो सोने के हार, दो चेन, बेटे की दो चेन, पुत्रवधू की दो चेन, चार सोने की अंगूठी, चांदी की तीन पायल और तीन चुटकी चोरी कर ले गए।
बुजुर्ग सुदेश की जुबानी :
मैं नहाकर बाहर निकली और खाना खाने के लिए बेड पर बैठी ही थी। इसी बीच तीन युवक दरवाजा खोलकर अंदर आ गए। तीन में से दो युवक कमरे में आ गए, जबकि एक गैलरी में खड़ा रहा। खुद को निगम कर्मचारी बताते हुए पूछा कि मकान में कब से रह रही हैं। 30-35 साल से रहने की बात कहने पर एक युवक बेड पर बैठ गया, जिस पर दूसरे युवक की ओर उन्होंने कुर्सी खिसकाई। उसने कुर्सी पर बैठने के बजाय कहा कि आप बुजुर्ग हैं, बैठ जाओ। जैसे ही कुर्सी पर बैठने लगीं तो बेड पर बैठे युवक ने पैर और हाथ पकड़ लिए, जबकि पीछे खड़े युवक ने उनका मुंह और गला दबा दिया। इसी बीच गैलरी से तीसरा युवक आया और चाबी मांगने लगा। चाबी न होने की बात करने पर गद्दा उठाकर चेक किया। फिर एक युवक पेचकश के साथ मकान की पहली मंजिल पर चला गया। चोरी के बाद बदमाशों ने कमरे से कपड़ा उठाकर उनकी आंखों पर बांध दिया। हाथ-पैर को कुर्सी से चुन्नी के जरिए बांध दिया। चार्जिंग पर लगा उनका मोबाइल भी निकाल लिया और फरार हो गए। किसी तरह बंधनमुक्त होकर पड़ोसियों को बुलाया। जिन्होंने बेटे को कॉल कर सूचना दी।
नजदीकी का हाथ होने की आशंका, एक बदमाश भूला दस्ताना
वारदात में किसी नजदीकी का हाथ होने की आशंका है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बदमाशों ने बाइक सुदेश के घर पर आकर रोकी। उन्हें पता था कि घर में सिर्फं शिक्षिका है। बदमाश पूरी प्लानिंग के साथ आए थे। उन्होंने दस्ताने पहन रखे थे। एक बदमाश अपना दस्ताना भूल गया। 11:26 बजे आए तीन में से दो बदमाशों ने हेलमेट और तीसरे ने सिर पर कैप पहनी थी। गमछे से मुंह ढका था। सुबह 11: 59 बजे वारदात कर फरार हो गए।
पानीपत पुलिस की कॉल पर मधुबन से डॉग स्क्वॉयड पहुंचा। हेड कांस्टेबल राजेश डॉग ऑस्कर के साथ पानीपत पहुंचे। उन्होंने बदमाशों से छूटा दस्ताना ऑस्कर को सुंघाया और ट्रेस करने में जुट गए। ऑस्कर घर की बायीं दिशा में करीब 200 मीटर जाकर रुक गया। सीसीटीवी में बदमाश दायीं ओर भागे थे।