इसराना। चीनी मिल गन्ना उत्पादक किसानों के लिए दो दिन के लिए ओपन (खुला) कर दिया है। किसान पर्ची के बिना भी अपना गन्ना मिल में ला सकेंगे। पेराई सत्र के दौरान चीनी मिल को 128 दिन हो चुके हैं। अब तक 60.77 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की जा चुकी है। सोमवार को 35 हजार क्विंटल पेराई क्षमता पर चलाया गया है। इससे पहले शुगर मिल पूरी पेराई क्षमता 50 हजार क्विंटल पर चल रहा था। गन्ने की आपूर्ति कम होने से 35 हजार क्विंटल पर चलाया गया।
चीनी मिल के प्रबंध निदेशक एवं इसराना के एसडीएम नवदीप सिंह नैन बताया कि मिल अब दो दिन के लिए ओपन रहेगा। किसी किसान का गन्ना अभी बकाया है तो वे अपने गन्ने की ट्रैक्टर ट्राली को आठ अप्रैल शाम छह बजे तक चीनी मिल में ला सकते हैं। इसके बाद चीनी मिल गन्ना नहीं लेगा। अब मिल में किसी पर्ची की जरूरत नहीं है और सभी किसानों के लिए गन्ने की ट्रैक्टर ट्रालियों को ओपन कर दिया है।