सचिव के सामने अपनी बात रखते निगम कर्मचारी और पार्षद।
समालखा। सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के लिए नगर परिषद सचिव प्रिंस से मुलाकात कर समस्याओं के समाधान की मांग की। बैठक में कर्मचारियों डंपिंग प्वाइंट चिह्नित करने की मांग उठाई। इस दाैरान पार्षदों ने नाला जाम होने की समस्या के समाधान की मांग की।
कर्मचारियों ने बताया कि हर वार्ड में डंपिंग प्वाइंट की कमी के कारण स्थानीय लोगों से झगड़े हो जाते हैं। उन्होंने मांग की है कि सभी वार्डों में डंपिंग प्वाइंट चिह्नित किए जाएं। ताकि सफाई का कार्य सुचारू रूप से हो सके। इस दौरान कई वार्डों के पार्षद भी मौजूद रहे। वार्ड-7 के पार्षद अनिल ने नालों की सफाई न होने की समस्या बताई। उन्होंने कहा कि श्मशान घाट से आगे तक सफाई न होने के कारण नाला पूरी तरह बंद पड़ा है। इससे जलभराव और बदबू की समस्या बनी हुई है। साथ ही पार्षद नरेश कौशिक ने बिजली बोर्ड के पास नाले के जाम होने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि तत्काल सफाई की जरूरत है।
नरेश बंसल ने वार्ड-17 की गांधी कॉलोनी का उदाहरण देते हुए बताया कि कई वर्षों से गलियों और सड़कों पर पानी खड़ा रहता है, लेकिन इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। नगर परिषद सचिव प्रिंस ने कर्मचारियों और पार्षदों की बातें सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही टेंडर जारी कर नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। सचिव ने सख्ती से कहा कि यदि कोई सफाई कर्मचारी वर्दी पहनकर काम पर नहीं आएगा तो उसका वेतन रोक लिया जाएगा।