कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के डर से विदेश से लोगों का लौटना जारी है। रविवार को विदेश से 30 लोग लौटे और सभी को सात दिन के लिए होम क्वारंटीन किया गया है। मेडिकल ऑफिसर एवं आशा वर्कर को इनकी निगरानी का निर्देश दिया गया है।
इनके आरटीपीसीआर टेस्ट भी हुए हैं। वहीं यूके से लौटने के बाद कोरोना संक्रमित मिली युवती अब भी अस्पताल में भर्ती है। उनकी जिनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट मंगलवार को प्राप्त होगी।
पिछले एक माह में अब तक जिले में 705 लोग विदेश से लौटे हैं। इनमें से 20 लोग अभी तक ट्रेस नहीं हो पाए। इससे स्वास्थ्य विभाग लगातार इन लोगों का सुराग लगाने में जुटा हुआ है। अभी तक राहत भरी खबर यह है कि विदेश से जितने भी लोग आए सभी सैंपल निकेटिव आए है। जो लोग ट्रेस नहीं हुए हैं, वही स्वास्थ्य विभाग के लिए सिरदर्द बने हुए हैं।
- विदेश से लौटे जिन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव, वे भी रहेंगे क्वारंटीन
कोविड 19 के जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुनील संडूजा ने बताया कि जितने भी लोग विदेश से आ रहे हैं। उनके सैंपल लिए जा रहे हैं और सात दिन के लिए होम क्वारंटीन किया जा रहा है। जिन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव भी आई है, उन्हें भी होम क्वारंटीन किया जा रहा है।
जिले में तीन केस एक्टिव
जिला में 24 घंटे में कोई कोरोना का नया केस सामने नहीं आया। फिलहाल जिला में केवल एक ही केस एक्टिव है। अब तक कुल 31118 लोग कोरोना पाजिटिव हो चुके हैं और 4.40 लाख लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार 30472 लोग ठीक होकर घर लौट चुके।