माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सोशल मीडिया के कारण पत्नी-पति के रिश्ते की डोर कमजोर होने लगी है। व्हाट्सएप स्टेट्स लगाने पर पति पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा की मामला तलाक तक पहुंच गया। पत्नी ने पति के खिलाफ अदालत में याचिका दाखिल कर दी। जब यह मामला जिला महिला संरक्षण और बाल विवाह निषेध अधिकारी तक पहुंचा तो उन्होंने दोनों की काउंसिलिंग की तो यह बात सामने आई। फिलहाल दोनों की काउंसिलिंग की जा रही है।
पानीपत के सनौली क्षेत्र की एक युवती की शादी जनवरी माह में सोनीपत में हुई थी। युवती का पति फिलहाल नौकरी की तैयारी कर रहा है। युवती के परिजनों ने दहेज में एसी दिया था। गर्मी के मौसम में जब उसने ससुराल में एसी चलाया तो सास ने बिजली बिल ज्यादा आने पर टोकना शुरू कर दिया। जिस कारण वह नाराज होकर वह अपने मायके आ गई। इसी बीच युवती के पति ने व्हाट्सएप पर एक स्टेटस लगाया। जिसके जवाब में पत्नी ने भी स्टेटस लगा दिया। तीन-चार तक दोनों के बीच स्टेटस पर लड़ाई चलती रही। जिसके बाद मामला इतना बढ़ा पति ने उसे छोड़ने की धमकी दी।
यह मामला अब संरक्षण अधिकारी के पास पहुंचा है। उन्होंने दोनों को अपने कार्यालय पर बुलाकर काउंसिलिंग कराई है। लेकिन, दोनों अपनी-अपनी जिद पर अड़े हुए हैं। संरक्षण अधिकारी ने दोनों को एक बार फिर अपने कार्यालय पर बुलाया है।
-
वर्जन
पति-पत्नी के बीच व्हाट्सएप स्टेटस लगाने के कारण झगड़ा शुरू हुआ था। दोनों की काउंसिलिंग की जा रही है। फिलहाल दोनों अपनी अपनी जिद पर अडे हुए हैं।
-रजनी गुप्ता, संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी।
-