पानीपत। जिला स्तरीय जनता समाधान शिविर में फरियादियों को राशन कार्ड और पेंशन जैसी छोटी-छोटी समस्याओं का भी समाधान नहीं मिल पाया। यह एडीसी अंकित चौकसे का पहला जनता समाधान शिविर रहा। उन्होंने शिविर में 21 शिकायत सुनकर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
जनता समाधान शिविर वीरवार को जिला सचिवालय के द्वितीय तल पर लगाया गया। शिविर 10 से दोपहर 12 बजे तक चला। दो घंटे में 21 लोगों ने अपनी शिकायत रखी। एडीसी अंकित चौकसे ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान की है। प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निपटारा किया जाए। जनता का विश्वास ही प्रशासन की सबसे बड़ी ताकत है। इस विश्वास को बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है। जिला परिषद की सीईओ डॉ. किरण ने कहा कि जनता समाधान शिविर केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि समाधान सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। डीडीपीओ राजेश शर्मा ने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं। डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने कानून व्यवस्था के लिए सख्त निर्देश दिए।
पेयजल की समस्या उठाई : नंद विहार कॉलोनी के लोगों ने दूषित पेयजल की समस्या रखी। निरंजन और रमेश ने बताया कि पिछले कई दिन से दूषित पानी आ रहा है। उनकी शिकायत के बाद भी कोई समाधान नहीं किया गया है। एडीसी ने नगर निगम अधिकारी को मौका देखकर स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए।