पानीपत। अनाज मंडी में एक युवक की हत्या के मामले में कार्रवाई ने करने के कारण थाना प्रभारी पर गाज गिर गई। पुलिस अधीक्षक ने सेक्टर-29 थाना प्रभारी को हटाकर लाइन में भेज दिया है। यहां पर दूसरे अधिकारी को प्रभार सौंपा गया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में तीसरे दिन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले में आगामी कार्रवाई करेगी।
जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई को अनाज मंडी में एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला था। इस मामले में शुरुआत में ही हत्या की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन सेक्टर 29 थाना पुलिस ने इस मामले में कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं की। शव को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया था। शनिवार को 72 घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, जिसमें चोट के निशान लगने के कारण मौत होना पाया गया। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने इस मामले में डॉक्टर से राय लेकर हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया। यह कार्रवाई अनाज मंडी निवासी एक व्यक्ति की लिखित शिकायत पर की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने थाना प्रभारी राजीव को हटाकर लाइन में भेज दिया। यहां सब इंस्पेक्टर सुभाष को थाने का प्रभार सौंपा है। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मियों के भी तबादले किए गए हैं। राजीव को गत दिनों ही प्रभारी लगाया था।
वर्जन
सेक्टर-29 थाना प्रभारी राजीव को लाइन में भेजा गया है। उनकी जगह एक अन्य अधिकारी को प्रभारी लगाया है। पुलिस ने अनाज मंडी में युवक की हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसकी जांच कर जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
अजीत सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक पानीपत।