समालखा। श्री रामा ड्रामाटिक क्लब के मंच पर आठवें दिन दर्शकों को राम भक्त हनुमान के दर्शन हुए तो पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। रावण बने शैलेश पांचाल ने शानदार भूमिका निभाई। उसके बाद राम लक्ष्मण-सीता ने माता शबरी से मुलाकात की। जहां शबरी के जूठे बेर खाकर राम ने सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उसके बाद माता शबरी से पता पूछकर राम-लक्ष्मण ऋष्यमूक पर्वत की ओर जाते हैं। वहां उनकी मुलाकात हनुमान के साथ होती है।
हनुमान राम-लक्ष्मण की भेंट सुग्रीव से कराकर दोनों में मित्रता कराते हैं। सुग्रीव से मित्रता के बाद राम के कहने पर सुग्रीव अपने बड़े भाई बाली को युद्ध के लिए ललकारते हैं। जहां राम छिपकर तीर चलाकर बाली का वध कर देते हैं। लीला के दौरान राम की भूमिका में अमित शर्मा रहे। लक्ष्मण की भूमिका संदीप शर्मा, सीता मनीष जैन, सुग्रीव मनीष व बिजेंद्र ने हनुमान की भूमिका निभाई।