समालखा। नई अनाज मंडी में गेहूं की आवक तेज हो गई है। किसानों व आढ़तियों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसको लेकर विधायक मनमोहन भड़ाना ने नई अनाज मंडी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गेहूं की नमी जांच करने के साथ ही तौल भी जांची।
शुक्रवार को विधायक मनमोहन भड़ाना अनाज मंडी पहुंचे। उन्होंने आढ़तियों व किसानों की समस्याएं सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया। उठान की गति धीमी होने पर उन्होंने कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से बात की। विधायक ने कहा कि किसानों व आढ़तियों को किसी तरह की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
वो हर समय उनके साथ खड़े हैं और प्रदेश सरकार उनके हित में प्रत्येक कदम उठा रही है। मंडी में अभी तक करीब 2,77,128 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। जिसमें हैफेड ने 1,43,270 क्विंटल, एफ एंड सी ने 95018 क्विंटल गेहूं की खरीद की है।