पानीपत। नगर निगम के पालिका बाजार निगम कार्यालय में मंगलवार को शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने दरवाजे बंद करवाकर छापामारी की। अपने सुरक्षाकर्मियों को प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के बाहर तैनात कर दिया। उनके जाने के बाद उपायुक्त सुशील सारवान निगम में पहुंचे और व्यवस्थाएं जांचीं।
उधर, नगर निगम की सफाई शाखा मेयर के निर्देश पर सफाई अभियान पर थी। ये कर्मचारी मंत्री को गैरहाजिर मिले। काम पर होने के बावजूद इनकी गैरहाजिरी लग गई मंत्री स्वयं पालिका बाजार जबकि उनके सहयोगी ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स पहुंचे। वहां कार्यालयों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई गई। उस समय कोई भी अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं था लेकिन यहां की हाजिरी चेक नहीं हो पाने से सभी बच गए।
देर से पहुंचने पर कुछ कर्मचारियों ने कहा कि वह टॉयलेट में थे तो कुछ ने कहा कि पानी पीने गए थे। इसी दौरान कुछ कर्मचारियों ने मंत्री को मेयर के पीए मनप्रीत के बारे में बताया गया कि वह मेयर के साथ शिमला गए हैं। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उनकी गैरहाजिरी लगा दी। मनप्रीत ने बताया कि वह बाजारों में सफाई करवा रहे थे।
आईएनडी एजेंसी का ठेका रद्द होने की वजह से बेरोजगार हुए सैकड़ों सफाई कर्मचारी मंत्री से मिलने निगम कार्यालय पहुंचे। यहां मंत्री से उनकी बात नहीं हो सकी। इसके बाद ये कर्मचारी सीनियर डिप्टी मेयर से मिले और अपनी समस्या बताई। सीनियर डिप्टी मेयर ने उन्हें आश्वासन दिया कि नए टेंडर में उनको शामिल कर लिया जाएगा।