पानीपत। शहर के सनौली रोड और किला मैदान क्षेत्र के जर्जर मुख्य सीवरों की मरम्मत अब यमुना एक्शन प्लान (वाईएपी) की तर्ज पर की जाएगी। नगर निगम ने दोनों सीवरों की मरम्मत के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है और जल्द ही इसके लिए नए टेंडर जारी किए जाएंगे।
शहर के इन दोनों प्रमुख सीवरों की लंबे समय से समुचित सफाई नहीं होने के कारण उनकी स्थिति खराब हो चुकी है। किला मैदान से वार्ड-11 होते हुए बबैल नाके तक जाने वाला सीवर कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे दूषित पानी बाहर निकल रहा है। सनौली रोड के मुख्य सीवर की हालत भी इसी प्रकार खराब है।
नगर निगम ने नई सीवर लाइन बिछाने के बजाय आधुनिक तकनीक से मौजूदा सीवरों की मरम्मत कराने का निर्णय लिया है। दोनों परियोजनाओं के लिए 10-10 करोड़ रुपये की मंजूरी दो माह पहले हुई हाउस बैठक में दी गई थी। तकनीकी टीम ने प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय को भेज दिया है।
वर्तमान में नगर निगम बबैल नाके से सिवाह स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक मुख्य सीवर की सीआईपीपी तकनीक से मरम्मत करा रहा है। इसी तकनीक के आधार पर सनौली रोड और किला क्षेत्र के सीवरों का भी पुनर्वास किया जाएगा।
मेयर कोमल सैनी ने बताया कि दोनों मुख्य सीवर खस्ता हालत में हैं और नई तकनीक से उनकी मरम्मत कराई जाएगी। प्रस्ताव तैयार हो चुका है तथा टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।