पानीपत के सिविल अस्पताल के डॉक्टर ने पोस्टमार्टम से पहले ही एक व्यक्ति के मरने के कारणों का बताने पर डॉक्टर ने एक थानेदार को हड़का दिया और शव का पोस्टमार्टम करने से पीटे हट गई। काफी देर बाद थानेदार को गलती का अहसास होने के बाद डॉक्टर ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
मामला मंगलवार को सिविल अस्पताल का है। थाना चांदनी बाग के अंतर्गत बलजीत नगर चौकी के तहत 20 वर्षीय एक युवक का शव लाया गया था। उसकी बीती रात को ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। युवक बीती शाम को पुराना उझा रोड स्थित तिकोना पार्क में मिला था।
पुलिस ने युवक को सिविल अस्पताल दाखिल कराया। जहां पर उपचार के दौरान मंगलवार तड़के युवक ने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्यकर्मियों ने शव को शव गृह में रखवा दिया और पुलिस को सूचित कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई सुलतान सिंह ने मंगलवार को मामले के कागज तैयार कर दिए और डॉक्टर को पोस्टमार्टम के लिए बुला लिया।
थानेदार ने युवक की मौत का कारण शराब पीने या फिर ठंड से दिखा दिया। पोस्टमार्टम करने वाली डॉक्टर ने थानेदार के तैयार कागज देख भड़क गई। उसने कहा कि आपको मौत के कारणों का पता है तो पोस्टमार्टम की क्या जरूरत।
डाक्टर की बात सुनकर थानेदार हक्का-बक्का रह गया। इसके कुछ देर बाद थानेदार को बात समझ में आई और डॉक्टर के हिसाब से ही कागज तैयार करने की बात कही। थानेदार के कहने के बाद ही डॉक्टर ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एएसआई सुलतान सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव गृह में रखवा दिया है।