पानीपत। सेक्टर-13-17 में प्रॉपर्टी सलाहकार विशाल चहल के घर में 24.50 लाख रुपये की चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सीआईए-2 की टीम ने वीरवार दोपहर दो आरोपी कुलदीप उर्फ गुड्डू व मोहम्मद जुबेर निवासी शामली यूपी को गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से पुलिस ने चोरी किए गए सोने और चांदी के जेवर, आर्टिफिशयल ज्वैलरी भी बरामद कर ली। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले दिन में मकान की रेकी की थी। मकान के बंद होने की जानकारी पुख्ता होने पर रात को वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
एएसपी हर्षित गोयल ने वीरवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस सभागार में मामले का खुलासा किया। एएसपी ने बताया कि प्रॉपर्टी सलाहकार विशाल चहल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 17 दिसंबर को वह घर पर ताला लगाकर परिवार सहित पुणे में रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में गए थे। 20 दिसंबर की देर रात करीब 2:50 बजे वापस लौटे तो घर के सभी दरवाजों के लॉक टूटे मिले और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर 4.25 लाख रुपये कैश, सोने की छह इयररिंग, गले के दो सेट, एक चेन, दो कड़े, अंगूठी, झूमके, गोल्ड कॉइन, सूरज-चांद, बच्चे का कड़ा व चांदी के बर्तन, पायल, सिक्के, छह जोड़ी कड़े और एक घड़ी व आर्टिफिशियल ज्वेलरी गायब थी। चोर मकान की डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। थाना सेक्टर-13-17 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। एसपी ने प्रकरण की गंभीरता को देखते सीआईए-2 को मामले की जांच सौंपी थीं।
इसके बाद पुलिस टीम ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। वीरवार दोपहर को टीम को सूचना मिली कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी एक मोटरसाइकिल पर यूपी से हरिद्वार बाईपास होते हुए पानीपत आ रहे हैं। इसके बाद टीम ने हरिद्वार बाईपास पर डाडौला चौक के पास नाकाबंदी कर दी। यहां पहुंचने पर पुलिस ने आरोपियों कुलदीप उर्फ गुड्डू व जुबेर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के बैग से सोने के कड़े, गले के हार, इयररिंग, चांदी की साईं बाबा की मूर्ति, अंगूठी व काफी संख्या में आर्टिफिशियल ज्वैलरी बरामद हुई है।
कई दिन का सामान गेट पर पड़ा था
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 20 दिसंबर को दिन में यूपी से बाइक पर पानीपत आए थे। सेक्टर 13/17 में मकानों की रेकी की। एक मकान की बाहर की लाइट ऑन थी। कई सामान गेट पर पड़े थे। इससे आरोपियों को आइडिया आया की घर पर कोई नहीं है। दोनों आरोपी देर रात चोरी करने के लिए आए तब भी सामान गेट पर पड़ा मिला। इससे आरोपियों को पुख्ता हो गया घर में कोई नहीं है। इसके बाद दोनों आरोपी मकान की दीवार फांदकर अंदर घूसे और दरवाजे का लॉक तोड़कर गहने व नकदी चोरी कर ले गए।
-