माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने त्योहारी सीजन में शुक्रवार को मिलावटखोरों पर शिकंजा कस दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विक्रम पचरिसा के नेतृत्व में टीम ने सनौली रोड स्थित मिठाई की दो दुकानों का औचक निरीक्षण किया। मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए तीन खाद्य नमूनों को सील किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विक्रम पसरिचा ने बताया कि एकत्र किए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग ने सभी मिठाई विक्रेताओं व खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता एवं मानकों का पालन करने की हिदायत दी है।