जगाधरी। गंगानगर में 11500 रुपये की नकदी व तीन लाख के जेवर चोरी हो गए। घटना 14-15 जुलाई की मध्यरात्रि में हुई। इस दौरान मुखिया, उसकी पत्नी व तीनों बच्चे घर पर सो रहे थे। मुखिया के कमरे से मोबाइल उठाकर बाहर से कुंडी लग दी गई फिर अलमारी वाले कमरे से नकदी व जेवर चोरी किए गए।
घटना बाद आंख खुलने पर बेटी ने अलमारी खुली व सामान बिखरा देख सभी को जगाया, तब डायल-122 को सूचना दी गई। बाद में थाना शहर जगाधरी पुलिस ने छानबीन के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में गंगानगर के विनोद कुमार ने बताया कि 14-15 जुलाई की मध्यरात्रि दो से तीन बजे के बीच कोई उनके घर में घुस गया और 11500 रुपये की नकदी व तीन लाख के जेवर चोरी कर गया। घटना के दौरान वह, उनकी पत्नी सुनीता व तीन बच्चे घर पर सो रहे थे। अलमारी वाले कमरे में तीन बजे जब बेटी हिमांशी की आंख खुली तो उसने अलमारी खुली व आसपास सामान बिखरा पाया। हिमांशी उनके कमरे की ओर आई तो पाया कि बाहर से कुंडी लगी है। कुंडी खोल हिमांशी ने उन्हें व अपनी माता सुनीता को कमरे में खुली अलमारी व बिखरा सामान दिखाया।
चोरी का पता लगने पर डायल-112 पर सूचना देने के लिए मोबाइल तलाशा तो वह भी उनके कमरे से चोरी था। जांचने पर पाया कि अलमारी वाले कमरे के लॉकर को घर पर टंगी मिली चाबियों से खोलने का प्रयास किया गया, पर ऐसा नहीं हो पाया। लेकिन अलमारी के साथ कुंडी पर टंगे बैग में मौजूद कैरीबैग से तीन लाख के जेवर और करीब 11500 रुपये नकदी चोरी कर लिए गए।
कूलर की आवाज के कारण सो रहे परिवार को घर पर किसी के घुसने व चोरी की घटना अंजाम देने का पता नहीं चला। किंतु इसी दौरान गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध नजर आया है। सूचना पर थाना जगाधरी शहर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन कर अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया।