समालखा। राक्सेड़ा गांव में मिठाई की दुकान व घर में घुसकर जानलेवा हमला व तोड़फोड़ करने मामले में फरार चल रहे आठवें आरोपी को सीआईए टू पुलिस टीम ने वीरवार शाम को समालखा चुलकाना रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चुलकाना निवासी मनीष के रूप में हुई है।
शुक्रवार को आरोपी मनीष को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में शामिल फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी मनीष ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने सात साथी आरोपियों राक्सेड़ा निवासी रोहित, चुलकाना निवासी गौरव व अनुज, समालखा कृष्णा कॉलोनी निवासी शक्ति व समीर, शास्त्री कॉलोनी निवासी अनिल व मनाना निवासी राहुल के अतिरिक्त फरार अन्य कई साथी आरोपियों के साथ उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि उक्त मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके सात आरोपियों रोहित, गौरव, अनुज, शक्ति, समीर, अनिल व राहुल ने पूछताछ में अपने साथी आरोपी मनीष व कई अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो गंडासी, दो डंडे व दो बाइक बरामद किए थे।