संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। श्री कृष्णा क्लब की ओर से सेक्टर-24 के दशहरा ग्राउंड में 19 और 20 अक्तूबर को दो दिवसीय दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस बार 90 फीट ऊंचे रावण और 85-85 फीट के कुंभकरण व मेघनाथ के पुतले आकर्षण का केंद्र रहेंगे। 20 अक्तूबर को शाम भगवान श्रीराम के स्वरूप का प्रकटीकरण और फिर रावण वध के बाद पुतलों का दहन होगा।
महोत्सव की तैयारियों पर मंगलवार को सनौली रोड स्थित शिव चौक कार्यालय में क्लब सदस्यों की बैठक हुई। प्रधान वीरेंद्र गुप्ता और क्लब मैनेजर पुनीत बतरा ने बताया कि सदस्यों की अलग-अलग व्यवस्थाओं में ड्यूटियां लगा दी गई हैं।
19 अक्तूबर को शाम पांच बजे ध्वजारोहण के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। शाम सात बजे भजन गायक टोली की ओर से सुंदरकांड की प्रस्तुति दी जाएगी। रात 8:30 बजे लंका दहन होगा। इसके बाद 8:40 बजे विशेष रोशनी और आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। दोनों दिन मेला परिसर में खाने-पीने के विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
क्लब सदस्य अजय सिंगला ने बताया कि 20 अक्तूबर को सुबह आठ बजे गणेश वंदना होगी। श्रद्धालु अपराह्न तीन बजे तक गणेश स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद शाम 5:40 बजे सामूहिक प्रार्थना होगी। श्रद्धालु भगवान श्रीराम की आराधना कर अपनी मनोकामनाओं के लिए प्रार्थना करेंगे। शाम 5:50 बजे भगवान श्रीराम के स्वरूप का मंच पर प्रकटीकरण होगा। इसके तीन मिनट बाद 5:53 बजे रावण वध और दहन किया जाएगा। बैठक में पंकज गुलियानी, संदीप भोकर, महेश नारंग, सतीश ढींगरा, कमल दुआ और दीपक लूथरा मौजूद रहे।
200 तक हनुमान सभाओं के पहुंचने की उम्मीद जताई
प्रधान ने बताया कि अभी तक करीब 70 हनुमान सभाओं का पंजीकरण हो चुका है। पिछले वर्षों के अनुभव और इस बार मिल रहे उत्साह को देखते हुए करीब 170 से 200 हनुमान सभाओं के पहुंचने की उम्मीद है। इनके साथ करीब 300 हनुमान स्वरूप और हजारों की संख्या में वानर सेना के पहुंचने की संभावना है।