सेक्टर में सीवर की सफाई में निकली मिट्टी। स्रोत : सोशल मीडिया
- फोटो : 1
पानीपत। सेक्टर-11-12 में सफाई के दौरान सीवर से बड़ी मात्रा में मिट्टी निकल रही है। सेक्टर में कुछ ही दूरी पर सीवर से एक दिन में करीब चार ट्राली मिट्टी निकाली है। इतनी बड़ी मात्रा में मिट्टी मिलने पर सफाई कर्मियों की भी सांसें फूल गई। इन सेक्टरों को नगर निगम ने इसी साल टेक ओवर किया है। इससे पहले एचएसवीपी के पास सीवर की सफाई का काम था।
सेक्टर-11-12 शहर के प्रमुख सेक्टर हैं। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) दोनों सेक्टरों में सीवर और पानी का ऑपरेशन देख रहा था। स्थानीय लोगों की बार-बार मांग के बाद इसी साल सेक्टर नगर निगम में शामिल किए गए। नगर निगम ने सीवर सफाई के लिए टेंडर लगाया। ठेकेदार ने इस पर काम शुरू कर दिया। बुधवार से वीरवार दोपहर तक कुछ ही दूरी की सफाई हो पाई। इससे चार ट्राली मिट्टी निकाली गई है।
सीवर हो रहा था जाम
सेक्टर-11-12 का सीवर बार-बार जाम हो रहा था। ऐसे में थोड़ी सी बारिश में ही पानी सड़कों पर जमा हो जाता था। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। सतीश गर्ग, अजय कुमार गर्ग और रमेश बिंदल ने बताया कि सीवर जाम होने के चलते सेक्टर छोड़ने का मन करता था। वे प्राधिकरण के
अधिकारियों को कई बार सीवर साफ करने की मांग कर चुके थे। इस पर ध्यान नहीं दिया जाता था। अब नगर निगम ने सीवर की सफाई शुरू की है। इससे बारिश के दिनों में लोगों को कुछ राहत मिलेगी। नगर निगम के एमई दीपक राणा ने बताया कि सीवर की सफाई कराई जा रही है। इस कार्य को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।