बैठक में आढ़तियों की समस्या सुनते चेयरमैन राजेश जागलान। संवाद
इसराना। मार्केट कमेटी कार्यालय में शुक्रवार को चेयरमैन राजेश जागलान ने आढ़तियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना, साथ ही गेहूं व सरसों खरीद के सीजन के लिए तैयारी पर चर्चा कर समस्याओं का समय से पहले निदान कराने का भरोसा दिया।
आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष जयकरण जागलान ने मंडी में स्ट्रीट लाइट की खराब हालत पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मंडी में करीब 70 पोल व 17 टावर लगे हुए हैं लेकिन पिछले सीजन से कई लाइटें बंद हैं। गर्मी के सीजन में होने वाली पेयजल समस्या को भी बताया। आढ़तियों ने चेयरमैन राजेश जागलान को बताया कि पिछले सीजन में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने मंडी की सड़कों की रिपेयर का आश्वासन दिया था लेकिन यह कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। चेयरमैन राजेश जागलान ने बताया कि मार्केट कमेटी के सड़कों की मरम्मत का टेंडर हो चुका है। कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। पानी की समस्या का भी समाधान किया जाएगा। बैठक में मार्केट कमेटी के सचिव पवन नागपाल, प्रधान जयकरण जागलान, सुरेंद्र रमन, वीरेंद्र जागलान, विकास घनघस, संजीत मलिक व राजबीर मलिक मौजूद रहे।