इसराना। नई अनाज मंडी की चहारदीवारी पर लगाए जा रहे कंटीले तारों की आढ़ती एसोसिएशन ने मामले की जांच कराने की मांग की है। जिससे तारोंं की क्वालिटी के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त हो सके।
एसोसिएशन के प्रधान जयकरण जागलान ने मामले की शिकायत एचएएमबी के कार्यकारी अभियंता को शिकायत भेजी है। उन्होंने कटीले तार व एंगल की क्वालिटी अच्छी नहीं होने की बात कही है। उन्होंने शिकायत में बताया कि एचएएमबी द्वारा अनाज मंडी की चहारदीवारी पर सुरक्षा के लिए कटीले तार लगाए जा रहे है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा कटीले तार के लिए ऐसी एंगल लगाई है जो मामूली दबाव पड़ते ही मुड़ जाती है। वहीं सात कटीले तार लगाने की बजाए छह ही तार लगाए हैं। कई स्थानों पर तो मामूली दबाव पड़ते ही एंगल तार समेत झुककर के नीचे की तरफ मुड़ गए हैं। उन्होंने एचएएमबी को लगाए जा रहे एंगल व कटीले तार की क्वालिटी पर ध्यान देने व अच्छी तार व एंगल लगवाने की मांग की है। एसोसिएशन ने मामले की शिकायत मार्केट कमेटी के सचिव के माध्यम से एचएएमबी के कार्यकारी अभियंता को भेजी है। मार्केट कमेटी सचिव पवन नागपाल ने बताया कि आढ़ती एसोसिएशन की तरफ से जो शिकायत मिली है उसे एचएएमबी के कार्यकारी अभियंता को भिजवा दिया गया है। जल्द की इस पर आगामी कार्यवाही को अमल में लाया जाएगा।