सीएम के दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते डीसी और एसपी। स्रोत : सभा
डीसी और एसपी ने हेलीपैड से कार्यक्रम स्थलों तक की तैयारियां जांचीं, सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 25 अक्तूबर को पानीपत आएंगे। वे आर्य कॉलेज में आयोजित खटीक समाज के सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा भोड़वाल माजरी में चल रहे 79वें संत निरंकारी वार्षिक समागम में भी शिरकत करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड, एनएफएल, आर्य कॉलेज, सेक्टर 13-17 और भोड़वाल माजरी स्थित संत निरंकारी समागम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने आर्य कॉलेज में खटीक समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत कर सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं, एसपी मेधा भूषण ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने को कहा।
एसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और यातायात सुचारु रखना पुलिस की प्राथमिकता है। कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
30