पानीपत। एलिवेटेड हाईवे के नीचे पार्किंग का ठेका शुक्रवार को छोड़ा गया। कुरुक्षेत्र के देवेंद्र ने सबसे ऊंची 19.60 लाख की बोली लगाई। इसमें 12 बोलदाता शामिल हुए थे। अब तक नौल्था गांव के भाजपा नेता समंदर के पास इसका ठेका था।
जिला सचिवालय के द्वितीय तल पर शुक्रवार को नेशनल हाईवे-44 की पार्किंग के लिए बोली लगाई गई। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया के निर्देश और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में बोली संपन्न हुई। पार्किंग की एक साल के ठेके के लिए बोली देने को जिले से 12 बोली दाताओं ने भाग लिया और बोली लगाई। जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह ने बोली दाताओं से बोली से जुड़ी कुछ शर्तें रखी जिनके पालन न करने पर एक साल के ठेके को रद्द करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने बताया कि बोली की शुरुआत सात लाख रुपये से शुरू हुई। पूरी बोली की वीडियोग्राफी भी प्रशासन द्वारा की गई। करीब एक घंटे तक चली बोली प्रक्रिया में कुरुक्षेत्र निवासी देवेन्द्र की अंतिम बोली 19 लाख 60 हजार रुपये पर रही। उसे पार्किंग का ठेका दिया गया। देवेंद्र ने नौल्था के विशाल की 19 लाख 50 हजार रुपये से ऊंची बोली लगाई और एक साल के लिए वाहन पार्किंग के ठेकेदार बने। जिला परिषद की सीईओ डॉ. किरण सिंह व नगराधीश टीनू पोसवाल ने बताया कि पार्किंग के नीचे साफ सफाई रखना आवश्यक है। अनियमितता मिलने पर उनका चालान भी किया जा सकता है। इस अवसर पर एसडीएम मनदीप सिंह, रेडक्रॉस सचिव गौरव रामकरण, लेखा अधिकारी मदनलाल, डीटीओ हरमेश चंद, लालचंद, जसमेर, मनोज उपस्थित रहे।