माई सिटी रिपोर्टर
मतलौडा (पानीपत)। मतलौडा थाना क्षेत्र के सींक गांव में दिनेश को गोली मारने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपी काबू कर लिए हैं। चचेरे भाई कांग्रेस नेता अनिल मलिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया। उन्होंने बताया कि आरोपी दिनेश की हत्या करने के इरादे से आए थे। एक हमलावर ने दिनेश को पीछे से पकड़ लिया था और एक ने पिस्तौल से दो गोली मारी थी। पुलिस ने गांव के मोहित उर्फ गांधी व भागखेड़ा जींद निवासी रिंकू उर्फ बंटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर, दिनेश की हालत अभी गंभीर बनी है। उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वीरवार को उनका ऑपरेशन किया जाएगा।
सींक गांव के अनिल ने बताया कि उनके गांव में सुनील के भाई की शादी थी। जिसमें उनका चचेरा भाई दिनेश शामिल था। दिनेश डीजे पर डांस देख रहा था। उसी समय गांव का ही मोहित उर्फ गांधी अपने साथी रिंकू उर्फ बंटी के साथ वहां पहुंच गया। उसने आते ही मोटरसाइकिल रोकी और पिस्तौल से सीधा दिनेश पर फायरिंग कर दी। मोहित ने दिनेश के हाथ पकड़ लिए और रिंकू ने दो गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गए। अनिल का कहना है कि आरोपी दिनेश की हत्या करने के इरादे से आए थे। उनके अन्य साथी भी गांव के अलग-अलग रास्तों पर लगे थे। पुलिस ने मोहित व रिंकू के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 351(3), 3 (5) व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
वारदात में घायल दिनेश को दो गोली लगी थी। एक गोली उनकी पीठ में लगी थी। घायल को पानीपत के जीटी रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से परिजन उन्हें दिल्ली ले गए थे। दिल्ली में उनकी हालत अभी भी नाजुक है। बुधवार को उनका ऑपरेशन नहीं हो सका। परिजनों ने बताया कि वीरवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
सींक गांव में दो युवकों ने एक युवक को गोली मारी थी। चचेरे भाई की शिकायत पर दो को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-पवन कुमार, प्रभारी थाना मतलौडा