पानीपत। सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं की टर्म-1 की परीक्षाएं हो चुकी हैं। अब विद्यार्थियों को परिणाम का इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि इसके नतीजे जनवरी के पहले हफ्ते तक आ सकते हैं। टर्म-1 के परिणाम के बाद ही टर्म-2 की डेटशीट जारी होगी। वहीं, छात्रों को चाहिए कि वे दूसरे टर्म की परीक्षा की तैयारी भी जल्द से जल्द शुरू कर दें। सीबीएसई दूसरे टर्म की परीक्षाओं की तैयारी के लिए सैंपल पेपर शीघ्र जारी करेगा।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कोरोना के कारण साल 2021-2022 सत्र के 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षाएं दो टर्म में करने का फैसला लिया है। टर्म-1 की परीक्षाएं नवंबर और दिसंबर में हुई थी। डेढ़ घंटे के पेपर में सभी सवाल एमसीक्यू फॉर्मेट में पूछे गए थे। शेड्यूल के अनुसार, सीबीएसई टर्म-2 बोर्ड परीक्षा मार्च-अप्रैल 2022 के आसपास होंगी। इसमें सब्जेक्टिव व एमसीक्यू दोनों तरह के सवाल होने की उम्मीद है। कक्षा 10 और 12वीं के अंतिम परिणाम में टर्म-1 के अंकों की न्यूनतम 50 प्रतिशत अहमियत होगी। हालांकि अंतिम परिणाम टर्म-2 परीक्षा के मोड पर निर्भर होगा। टर्म-2 की परीक्षा की तारीख के संबंध में फैसला कोविड-19 की स्थिति के अनुसार लिया जाएगा।
सीबीएसई की वेबसाइट पर देखा जा सकेगा परिणाम
सीबीएसई कक्षा 10वीं व 12वीं टर्म 1 बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थी सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परिणाम चेक कर सकते हैं। 10वीं और 12वीं के लिए अलग अलग लिंक एक्टिव किए जाएंगे। उम्मीदवार रोल नंबर डालकर परिणाम चेक कर सकेंगे। वहीं, टर्म-1 के बाद टर्म-2 की परीक्षा की तैयारी के लिए छात्र वेबसाइट से सेंपल पेपर डाउनलोड कर सकते हैं। इससे छात्रों को परीक्षा का फॉर्मेट समझने में आसानी होगी।
टर्म-1 रिजल्ट के बाद जारी होगी डेटशीट
सीबीएसई टर्म 1 एग्जाम के खत्म होने के बाद 10 जनवरी तक परिणाम घोषित कर सकता है। इसके बाद ही टर्म-2 की डेटशीट जारी किए जाने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल फरवरी तक जारी कर सकती है।
कोई नहीं होगा पास या फेल
कोरोना महामारी के कहर के चलते इस बार सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा पैटर्न में बदलाव किया है। इसके तहत दो बार पेपर होंगे। नए पैटर्न के अनुसार टर्म-1 बोर्ड परीक्षा परिणाम में केवल अंक होंगे। किसी भी छात्र को कंपार्टमेंटल ग्रेड का पास, फेल या रिपीट नहीं मिलेगा।
सीबीएसई टर्म-1 परीक्षाएं हो चुकी हैं। कुछ व्यावसायिक विषयों की परीक्षाएं चल रही थीं, जो 29 दिसंबर को खत्म हो गईं। अब शीघ्र परिणाम आने की उम्मीद है। वहीं, टर्म-2 की परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्र वेबसाइट से सैंपल पेपर जारी होने के बाद डाउनलोड कर सकते हैं। - विनीता तोमर, जिला कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई, पानीपत।