समालखा। समालखा थाना क्षेत्र में रविवार रात को करीब 11 बजे नारायणा गांव के पास एक टैंपो अनियंत्रित होकर दिल्ली पैरलल नहर में गिर गया। हादसे में टैंपो चला रहे सब्जी विक्रेता मनु राम की नहर में डूबने से मौत हो गई।
वहीं, उसका साथी राजू नहर से सकुशल बाहर आ गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से टैंपो को नहर से बाहर निकाला। जिसमें से चालक का शव भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। चालक चमराडा गांव का रहने वाला था और सब्जी बेचने का काम करता था। रात को वे सब्जी लेने के लिए पानीपत सब्जी मंडी आ रहे थे।
चमराडा के राजेश ने बताया कि उसका भाई मनु राम 36 सब्जी विक्रेता थे। रविवार को दिन में उन्होंने सब्जी बेची थी। इसके बाद रात को वह मंडी से सब्जी खरीदने के लिए गांव के ही राजू के टैंपो से पानीपत के लिए निकले थे। मनु टैंपो चला रहा था। रात को करीब 11 बजे जब वह दिल्ली पैरलल नहर के किनारे नारायणा गांव के पास पहुंचे तो टैंपो अनियंत्रित होकर नहर में गिर गया।
राजू तो किसी तरह से बाहर आ गया। लेकिन मनु टैंपों में ही फंस गया और नहर में डूब गया। राजू ने फोन से इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों ने दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद टैंपो को नहर से बाहर निकाला गया। टैंपो के पास से ही मनु का शव भी बरामद किया गया।