पानीपत। थाना शहर पुलिस ने बच्चे के टैंक में डूबने से मौत के मामले में सख्त कदम उठाने हुए मंदिर कमेटी सदस्याें के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और जांच शुरू कर दी है। वहीं मंदिर कमेटी ने टैंक को स्लैब के साथ ढकवा दिया है।
गौरतलब है कि प्राचीन देवी मंदिर में बीती देर शाम को तेज कॉलोनी निवासी वंश (7) की हारवेस्टिंग टैंक में डूबने से मौत हो गई थी। वंश अपने दोस्तों के साथ मंदिर में आया था और यहां पर खेल रहा था। वह खेल-खेल में हारवेस्टिंग टैंक में गिर गया। वंश के टैंक में गिरते ही मंदिर में हड़कंप मच गया और काफी लोग वंश को बचाने के लिए टैंक के आसपास पहुंच गए।
सूचना मिलने के बाद डीएसपी जितेंद्र गहलावत और एसएचओ शहर मौके पर पहुंचे और जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मियाें की मदद से वंश को बाहर निकाला। उसे नजदीक स्थित अग्रसेन अस्पताल में ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तेज कॉलोनी निवासी रवि कुमार की शिकायत पर मंदिर कमेटी के प्रधान और अन्य सदस्यों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। वहीं मंदिर कमेटी ने टैंक को स्लैब की मदद से ढक दिया है।
अग्रवाल वैश्य पंचायत के उप प्रधान काकू बंसल ने बताया कि टैंक में मंदिर से निकलने वाले पानी को स्टोर किया जाता था और यहां से मोटर की मदद से पेड़-पौधों में दिया जाता था। मंगलवार को स्लेब हटाकर मोटर ठीक की जा रही थी और यह टैंक मंदिर के तरफ ही है।
मंदिर कमेटी भक्तों की सुविधाओं के लिए प्रयासरत है। मंगलवार को हुए हादसे को लेकर मंदिर कमेटी दुखी है। कमेटी ने स्लैब से टैंक को ढकवा दिया है और वे पीड़ित परिवार के साथ है। पुलिस ने इस मामले में अपनी कार्रवाई की है। वे पुलिस का भी जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
पुलिस ने टैंक में बच्चे के डूबने से हुई मौत के मामले में मंदिर कमेटी के प्रधान और अन्य सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस हादसे में मंदिर कमेटी की लापरवाही नजर आ रही थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुरेंद्र सिंह, प्रभारी, थाना शहर पानीपत