समीर ने अपने दोनों मामाओं को नहर में नहाता देख पानी में छलांग लगा दी, लेकिन वह गहरे पानी में जाने के बाद लापता हो गया। परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे रहे। रविवार सुबह किशोर का शव गांव नारायणा के पास नहर में बहता मिला।
रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाने के बाद दो नाबालिग मामा के साथ नहर में नहाने गया अर्जुन नगर निवासी 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। दोनों मामा को नहर में नहाता देख किशोर ने भी पानी में छलांग लगा दी, लेकिन वह गहरे पानी में जाने के बाद लापता हो गया। परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे रहे। रविवार सुबह किशोर का शव गांव नारायणा के पास पार नहर में बहता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
विज्ञापन
बहन से राखी बंधवाने के बाद मामा के साथ नहर पर गया था किशोर
मृतक किशोर की पहचान समीर के रूप में हुई है। बताया गया कि रक्षाबंधन के दिन समीर अपनी बहन से राखी बंधवाने के बाद अपने दो नाबालिग मामा के साथ नहर पर नहाने के लिए गया था। दोनों मामा नहर में नहाने लगे। उन्हें नहर में नहाता देखकर समीर भी खुद को रोक नहीं पाया और गहरे पानी में छलांग लगा दी।
विज्ञापन
नहर में उतरते ही समीर गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में लापता हो गया। उसके साथ गए दोनों मामा ने शोर मचाया। इसके बाद मामले की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी गई। किशोर की तलाश के प्रयास शुरू किए गए, लेकिन तत्काल उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
48 घंटे बाद नारायणा के पास मिला शव
रविवार सुबह गांव नारायणा के पास पार नहर में एक किशोर का शव पानी में बहता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराई गई तो उसकी पहचान अर्जुन नगर निवासी समीर के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। किशोर की मौत से परिवार में मातम पसरा है। रक्षाबंधन के दिन बहन से राखी बंधवाकर घर से निकला समीर वापस नहीं लौट सका।