माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सिवाह गांव में किशोरी दिव्यांशी (14) ने सोमवार को घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह अपने माता-पिता के साथ किराये के कमरे में रहती थी। उनके माता-पिता उस समय फैक्टरी में काम पर गए थे। वे वापस आए तो किशोरी फंदे पर लटकी मिली। थाना पुलिस सेक्टर-29 ने शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने किशोरी के मानसिक रूप से परेशान होने की बात कही है।
थाना सेक्टर-29 प्रभारी अनिल ने बताया कि मूल रूप से यूपी के लखनऊ जिले के छोटूराम का परिवार सिवाह गांव के पास किराये के मकान में रहता है। परिवार में पति-पत्नी और तीन बच्चे हैं। सोमवार को पति-पत्नी फैक्टरी में काम करने के लिए चले गए। दोपहर को उनकी 14 वर्षीय बेटी दिव्यांशी घर में अकेली थी। शाम को पड़ोसी उनके कमरे पर पहुंचे तो अंदर किशोरी का शव लटका देखा। जिसके बाद इसकी सूचना उसके माता-पिता को दी। इसके बाद परिजन घर पर पहुंचे तो अंदर कमरे में किशोरी का शव फंदे पर लटका था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंगलवार को परिजनों के बयान दर्ज किए। किशोरी के पिता ने बताया कि किशोरी काफी समय से मानसिक रूप से परेशान थी। मृतका ने सातवीं तक पढ़ाई की थी। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनकी पढ़ाई भी बीच में ही छूट गई थी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मंगलवार दोपहर को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।