- आईबी पीजी कॉलेज में एनईपी ओरिएंटेशन कार्यक्रम का तीसरा दिन, विशेषज्ञों ने समान अवसर और भेदभाव रहित शिक्षा पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। आईबी पीजी महाविद्यालय में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूजीसी-मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर के सहयोग से आयोजित 39वें आठ दिवसीय एनईपी ओरिएंटेशन एवं सेंसिटाइजेशन कार्यक्रम के तीसरे दिन शिक्षकों को छात्र विविधता और समावेशी शिक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
पहले सत्र में दिल्ली विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में अलग-अलग सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और भाषाई पृष्ठभूमि के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते हैं। छात्र विविधता के सात प्रमुख आयामों में सामाजिक-आर्थिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, लैंगिक, भाषाई, क्षेत्रीय और भौगोलिक विविधता के साथ शारीरिक एवं सीखने की क्षमताओं में अंतर शामिल हैं। ऐसे में सभी विद्यार्थियों को समान अवसर देना जरूरी है।
दूसरे सत्र में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के पारिस्थितिक, स्वास्थ्य एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के निदेशक डॉ. संदीप कुलश्रेष्ठ ने समावेशी शिक्षा पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि समावेशी शिक्षा को प्रभावी बनाने में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षकों को प्रत्येक विद्यार्थी की जरूरतों और क्षमताओं को समझते हुए समान व्यवहार करना चाहिए। जरूरतमंद विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग देकर भेदभाव रहित शैक्षणिक वातावरण तैयार करना समय की मांग है।