पानीपत। सरकार के स्कूलों को बंद रखने के आदेशों को न मानकर स्कूल खोलने की गुप्त सूचना पर वीरवार को सीएम फ्लाइंग ने कुटानी रोड स्थित जीवन ज्योति विद्या निकेतन स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल प्रबंधक विपिन कुमार वासी मेन बाजार समेत आठ अध्यापक हाजिर मिले। स्कूल संचालक द्वारा उपायुक्त के आदेशों व निदेशक माध्यमिक शिक्षा हरियाणा पंचकूला के आदेशों की अवहेलना करके स्कूल चलाया जाना पाया गया। पूछने पर उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। चेकिंग के दौरान नौंवी कक्षा के 12 विधार्थी और दसवीं के एक विधार्थी को अध्यापक दीपक पढाता मिला। बारहवीं कक्षा कॉमर्स के 8 विधार्थी व बारहवीं आर्ट के नौ विद्यार्थियों को सोनिया व मानवी अध्यापिका पढाती मिली। स्कूल संचालक को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा स्कूल तुरंत बंद करने के मौखिक आदेश दिए गए।
स्कूल में चार एक्सपायरी डेट के अग्निशमन यंत्र और आठ फायर वेकर खाली मिलने पर दमकल केंद्र अधिकारी द्वारा नोटिस दिया गया। स्कूल संचालक द्वारा इस स्कूल की जमीन व बनाई गई स्कूल बिल्डिंग के बारे भी कोई दस्तावेज पेश न करने पर डीटीपी नगर निगम को अवगत करवाया गया। जिन द्वारा अब निगम की ओर से आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। स्कूल के अंदर खडी वैन 10 साल पुरानी पाई गई। जिस पर एमवीओ द्वारा 10 हजार का चालान किया गया।उपायुक्त के आदेशों की अवहेलना किए जाने के संबंध में स्थानीय पुलिस को शिकायत दी गई है। जिस पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान सीएम फ्लाइंग से उप निरीक्षक राज, उप निरीक्षक युद्धवीर सिंह व सहायक उप निरीक्षक राज कुमार गुप्तचर इकाई के साथ डीईईओ राकेश बुरा, उप अधीक्षक कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कमल, दमकल केंद्र अधिकारी अश्वनी कुमार, परिवहन विभाग से राजेश मलिक, नगर निगम से भवन निरीक्षक अंकित गोयल की संयुक्त टीम निरीक्षण करने पहुंची।