पानीपत। प्रदेश सहित जिले के राजकीय स्कूलों में नए सत्र में दाखिले के लिए प्रवेश उत्सव कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिला को ड्रॉपआउट मुक्त बनाने के उद्देश्य से निजी स्कूलों की तर्ज पर जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा के नेतृत्व में विशेष नामांकन अभियान चलाया जा रहा है।
स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए शिक्षक घर-घर दस्तक दे रहे हैं। इस दौरान शिक्षकों द्वारा राजकीय स्कूलों की वर्ष भर की उपलब्धियां व गतिविधियां बताई जा रही है जिससे अभिभावकों को प्रेरित करते हुए वे उनके बच्चों का दाखिला अपने विद्यालय में करा सकें। नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी भी विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं बच्चों को मिलने वाली प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही, प्रतिभाशाली छात्रों की ओर से भी ग्रामवासियों को सरकारी विद्यालयों में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शिक्षा विभाग ने पिछले साल की तुलना में नामांकन संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
23 मार्च से शुरू हुआ था प्रवेश उत्सव कार्यक्रम
निर्देशानुसार प्रवेश उत्सव कार्यक्रम 23 मार्च को शुरू हुआ था जो 30 अप्रैल तक चलेगा। प्रवेश उत्सव के दौरान शिक्षक अभिभावकों को राजकीय स्कूलों में मनाए जाने वाले जॉयफूल सैटरडे, सुपर-100, पीटीएम, पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को मिलने वाली मुफ्त वर्दी, पुस्तकें, स्कूल बैग, स्टेशनरी, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, अनुसूचित जाति के कक्षा छठी और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए मुफ्त साइकिल सुविधा, मेधावी विद्यार्थियों के लिए कई प्रकार की छात्रवृत्ति सुविधा, मिड-डे मील, विद्यार्थी परिवहन सुरक्षा योजना, एफएलएन कार्यक्रम, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ई-अधिगम योजना सहित अन्य चीजों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
वर्जन
राजकीय स्कूलों में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के तहत शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक कर रहे हैं ताकि विद्यार्थियों का दाखिला राजकीय स्कूलों में करवाया जा सके। राजकीय स्कूलों में भी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा दी जाती है। उम्मीद है कि इस बार राजकीय स्कूलों में पहले की अपेक्षा छात्र संख्या में इजाफा होगा और जिला जीरो ड्रॉपआउट होगा।
राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।