पानीपत। गणित को रटने के बजाय समझने का विषय बनाने के लिए पानीपत के गणित शिक्षकों की टीम अब वैदिक गणित पर पुस्तक तैयार कर रही है।
गणित ओलंपियाड की तैयारी के लिए पहले ही कई पुस्तकें तैयार कर चुकी यह टीम अब विद्यार्थियों को गणना की सरल विधियों, तार्किक चिंतन और समस्या समाधान के कौशल से परिचित करवाने की दिशा में काम कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को गणित शिक्षकों की भौतिक बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोहारी के पीजीटी गणित एवं जिला गणित विशेषज्ञ रणबीर सिंह ने की।
पुस्तक तैयार करने की प्रक्रिया इससे पहले ऑनलाइन बैठकों के माध्यम से चल रही थी। बैठक में शिक्षकों ने पुस्तक की विषयवस्तु, उदाहरणों, गणना की वैकल्पिक विधियों और अभ्यास प्रश्नों पर विचार-विमर्श किया। इसमें इस बात पर जोर दिया गया कि सामग्री विद्यार्थियों के स्तर के अनुरूप और कक्षा शिक्षण के साथ स्वाध्याय में भी उपयोगी हो।
पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा और जिला शिक्षा अधिकारी नीलम कुंडू का इस पहल में विशेष सहयोग व मार्गदर्शन रहा है। शिक्षकों का उद्देश्य गणित को अधिक रोचक और व्यावहारिक बनाते हुए विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाना है।
डीएमएस रणबीर सिंह ने कहा कि वैदिक गणित की कुछ विधियां गणना को कम चरणों में हल करने में मदद कर सकती हैं, लेकिन सामान्य गणित की मूल अवधारणाओं को समझना भी जरूरी है। विद्यार्थियों को एक ही प्रश्न अलग-अलग विधियों से हल करने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे परिस्थिति के अनुसार सही तरीका चुन सकें।
पुस्तक निर्माण में जुटी आठ शिक्षकों की टीम : पुस्तक निर्माण की इस पहल में रणबीर सिंह, सत्यनारायण, रमेश, अनिल गोयल, दयाचंद, सुरेंद्र मलिक, कश्मीर सिंह और संदीप शामिल हैं। ये शिक्षक विभिन्न सरकारी विद्यालयों में कार्यरत हैं और अपने अनुभव के आधार पर अध्ययन सामग्री तैयार कर रहे हैं। संवाद