बिजली निगम के सब अर्बन डिवीजन ने शुक्रवार शाम को टीडीआई सिटी के मॉल और क्लब पर बकाया करीब 15 लाख रुपये के बिल भुगतान न करने पर कनेक्शन काट मीटर उखाड़ दिया। इसमें मॉल पर करीब नौ लाख व क्लब पर करीब छह लाख रुपये का बिल करीब 4-5 माह से बकाया था। निगम अधिकारियों द्वारा दी गई चेतावनी के बाद भी बिल नहीं भरने पर एसडीओ के निर्देशानुसार करनाल से एमएंडपी टीम को बुलाया गया, जिन्होंने मीटर उखाड़े। वहीं, डिवीजन के अंतर्गत आने वाले गांव आसन से दो ट्यूबवेलों पर बिजली चोरी मिली। इनमें 15-15 बीएचपी की मोटरें चलाई जा रही थी। जिन पर 60-60 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। वहीं गांव कचरौली में निगम अधिकारियों ने करीब दस बिजली चोरी के केस पकड़े इन पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये जुर्माना लगाया है।
सब अर्बन डिविजन के एसडीओ आदित्य कुंडू ने बताया कि टीडीआई के माल व क्लब पर बकाया भुगतान करने के लिए कई बार चेताया गया था। भुगतान न होने पर करनाल से मीटरिंग व प्रोटेक्शन टीम को बुलाया गया। इसमें एसडीओ व जेई शामिल थे। बड़े मीटरों को उखाड़ने के लिए इसी टीम को बुलाया जाता है।