डीसी ने स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग को मिशन मोड में काम करने के दिए निर्देश, बच्चों का होगा नियमित निरीक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। औद्योगिक नगरी को अगले दो महीने में गंभीर तीव्र कुपोषण मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग आपसी समन्वय से मिशन मोड में काम करेंगे। गंभीर और मध्यम तीव्र कुपोषण से प्रभावित बच्चों की पहचान कर उनका समयबद्ध उपचार और नियमित निगरानी की जाएगी।
इस संबंध में वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में राज्य सहायता मिशन और स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान की समीक्षा बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीनी स्तर पर प्रत्येक कुपोषित बच्चे की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि चिन्हित बच्चों को जरूरत के अनुसार एफ-75 और एफ-100 चिकित्सीय पोषण आहार उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और फील्ड कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है, ताकि उपचार के बाद भी बच्चों की सेहत पर लगातार नजर रखी जा सके।
बैठक में संस्थान की संयुक्त निदेशक डॉ. नीरू ने परियोजना की रूपरेखा और राज्य सहायता मिशन की क्षेत्र विशेषज्ञ डॉ. अमिता रानी ने आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की। उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिनिधियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. विजय मलिक और डीपीओ धर्मबीर मौजूद रहे।