पानीपत में रिफाइनरी रोड पर शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे वेल्डिंग करते समय हेक्सेन केमिकल कंपाउंड से भरा टैंकर फट गया। टैंकर में बैठे चालक और वायरिंग ठीक कर रहे इलेक्ट्रीशियन की मौके पर मौत हो गई, जबकि वेल्डिंग कर रहा कर्मचारी और पास खड़ा एक अन्य युवक धमाके में 20 मीटर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। एएसपी विजय सिंह और सदर थाना प्रभारी राम निवास टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू की।
हरिद्वार के किशनपुर जमालपुर निवासी तस्लीम ने बताया कि वह अपने बड़े भाई जुनेद (25) पुत्र वकील अहमद और छुटमुलपुर गांव, सहारनपुर निवासी मोहम्मद हुसैन के साथ पानीपत रिफाइनरी क्षेत्र स्थित कंपनी में टैंकर को हेक्सेन केमिकल कंपाउंड से रीफिल कराने आए थे। हरिद्वार से चलकर वे शुक्रवार रात करीब 11 बजे पानीपत पहुंचे थे।
बताया कि टैंकर में परिचालक की तरफ से तेल की टंकी के पास बक्से की कुंडी टूटी हुई थी। शनिवार सुबह वह रिफिल कराने के लिए रिफाइनरी रोड की ओर जा रहे थे। गोल चक्कर के पास पहुंचे तो उन्हें वेल्डिंग की दुकान दिखी, जहां रुककर वे पहले वेल्डिंग कराने लगे।
इसी बीच भाई ने कुलदीप नगर निवासी इलेक्ट्रीशियन सुशील उर्फ पप्पू (50) को भी बुला लिया। भाई जुनेद गाड़ी में ड्राइवर सीट पर बैठा था। इलेक्ट्रिशियन पप्पू भाई के साथ वाली सीट पर बैठकर टैंकर की वायरिंग ठीक कर रहा था। मोहम्मद हुसैन बाहर वेल्डिंग कर्मचारी सोमनाथ के पास खड़ा था। सोमनाथ ने जैसे ही वेल्डिंग का काम शुरू किया तो चिंगारी उठते ही गैस का टैंकर फट गया।
इससे अंदर बैठे जुनेद और इलेक्ट्रीशियन पप्पू की मौत हो गई। आशंका जाहिर की गई कि वायरिंग ठीक करते वक्त शॉर्ट सर्किट से चिंगारी उठी होगी, जबकि धमाके के बाद वेल्डिंग करने वाले सोमनाथ और मोहम्मद हुसैन 20 मीटर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। तस्लीम ने बताया कि वह टैंकर से करीब 30 मीटर दूर खड़ा था, इसलिए बच गया। दो में से एक घायल को सामान्य अस्पताल भेजकर उसका इलाज कराया गया।
हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार वेल्डिंग करते वक्त टैंकर फटने से यह हादसा हुआ है। प्रकरण की छानबीन की जा रही है। - विजय सिंह, एएसपी, पानीपत।