पानीपत / बापौली। बापौली-भल्लौर गढ़ी गांव रोड स्थित आईटीआई के सामने 26 अक्तूबर को कुछ युवकों ने तलवार लहराई। 15-20 युवकों ने इनको लहराते हुए अपनी वीडियो भी बनाई। जिसमें वह राहगीरों को मारने की धमकी दे रहे थे। यह वीडियो वायरल हुई तो बापौली थाना पुलिस तक पहुंच गई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले में एक नामजद युवक समेत 15-20 युवकों पर केस दर्ज किया है। अब पुलिस इनकी तलाश कर रही है।
बापौली थाना पुलिस में दी शिकायत में हेड कांस्टेबल सुभाष ने बताया कि वह थाने में बतौर जांच अधिकारी तैनात हैं। उनको मोबाइल पर एक वीडियो मिला। जिसमें बापौली माजरा निवासी वाजिद 26 अक्टूबर को बापौली-भल्लौर रोड पर आईटीआई के सामने सड़क के बीचों बीच खड़ा होकर हाथ में तलवार लहरा रहा है और अपने कुछ साथियों के साथ राहगीरों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। इनका उद्देश्य क्षेत्र में दहशत फैलाना था। वीडियो में उसके अन्य साथी भी मोटरसाइकिल पर बैठे नजर आ रहे हैं। जो अपने हाथों में कुल्हाड़ी और डंडे लिए हुए हैं। वह भी धमकी देते नजर आ रहे हैं। उसने यह वीडियो बापौली पुलिस थाना प्रभारी जाकिर हुसैन को सौंप दी है।
वर्जन-
बापौली पुलिस थाना प्रभारी जाकिर हुसैन ने बताया कि वीडियो के आधार पर मामले में केस दर्ज कर लिया है। हथियार लहराने वाले युवकों की तलाश की जा रही है। उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।