सेक्टर 25 स्थित मलिक एन्क्लेव से दो कंपनियों के शटर उखाड़ चोरों ने करीब 7.20 लाख कीमत का सामान चोरी कर लिया है। वहीं शातिर चोरों ने पकड़ने जाने के डर से दोनों कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को भी चुरा लिया और आस पास के सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर फरार हो गए। चांदनीबाग थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राजबीर सिंह पुत्र भगतू राम स्थाई निवासी गांव पोपड़ा, असंध, जिला करनाल ने बताया कि वह एक्यूूलॉजिक्स सप्लाई चेन सालूशन कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उनकी कंपनी का एक ऑफिस सेक्टर 25 में मलिक एक्लेव में है। उन्होंने बताया कि यह कंपनी अमेजन से आए आर्डर को कस्मटर तक पहुंचाने का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के चलते 21 मार्च को दफ्तर बंद कर निकले थे, जिसके बाद वह लगातार प्रशासन से पास के लिए प्रयास करने थे, लेकिन उन्हें पास मुहैया नहीं हो पा रहे थे। जब 15 अप्रैल को उन्हें पास मिले तो वह सुबह साढे नौ बजे दफ्तर पहुंचे, जहां पर उनकी कंपनी का शटर उखड़ा हुआ था और अंदर से 59 कस्टमर के पेकेट व 3110 रुपये की नकदी गायब थी। जिससे उनका कुल 6 लाख 38 हजार 567 रुपये का नुकसान हुआ है। आरोपियों ने उपरोक्त पेकेट व नकदी चुराने के साथ साथ कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को भी चुरा लिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
10 मीटर की दूरी पर सेफेक्स प्रेस ट्रांसपोर्ट से भी शटर तोड़ चुराया 90 हजार का सामान-
सेफेक्स प्रेस ट्रांसपोर्ट के मालिक बलराम कादियान ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को ट्रांसपोर्ट में आकर लेपटॉप से कार्य किया था और ट्रांसपोर्ट बंद कर चला गया था। वह बुधवार को अज्ञात कारण से नहीं आ सका, लेकिन जब वीरवार को सुबह नौ बजे आया तो ट्रांसपोर्ट का शटर उखड़ा हुआ था और अंदर से करीब 90 हजार कीमत का सामान चोरी था। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और पुलिस को शिकायत दी।