समालखा। समालखा थाना के देहरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में 40 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। समालखा थाना ने शव का पोस्टमार्टम कराया और बिसरा जांच के लिए मधुबन भेजा है। इसकी रिपोर्ट आने पर ही युवक की मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा।
परिजन पवन कुमार ने बताया कि सोहन शुक्रवार रात को अपने साथियों के साथ एक पार्टी में गया था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसके दो बच्चे हैं। सोहन रात को खाना खाने के बाद घर से निकला था। फिर गांव से बाहर एक कोठरे पर दोस्तों के साथ पार्टी में शामिल होने चला गया। वह शनिवार सुबह तीन बजे तक घर नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू की। परिजनों को गांव के बाहर एक कोठरे के पास बेहोशी की अवस्था में मिला। परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि चिकित्सकों के बोर्ड से युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। युवक का बिसरा जांच के लिए लिया गया है।