पानीपत। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बुधवार को रेलवे स्टेशन और उसके बाहरी क्षेत्रों में पत्थरबाजी तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत ड्रोन की मदद से स्टेशन परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की गई।
इस दौरान वंदे भारत, शताब्दी एक्सप्रेस समेत अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के गुजरने वाले मार्गों पर भी ड्रोन के माध्यम से नजर रखी गई। अभियान का उद्देश्य पत्थरबाजी की घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ बाहरी तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखना था। आरपीएफ की टीम ने नागरिकों को भी जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अनधिकृत प्रवेश की घटना दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत आरपीएफ को दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरपीएफ प्रभारी दिनेश कुमार मीणा ने बताया कि स्टेशन और बाहरी क्षेत्रों में पत्थरबाजी व अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ड्रोन से निगरानी की गई। ब्यूरो