महिला की आत्महत्या के मामले में कार्रवाई करते पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : Samvad
समालखा। बिलासपुर गांव की महिला बबली के जमीन विवाद से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने के हाईप्रोफाइल मामले की जांच अब विशेष जांच दल (एसआईटी) करेगा। इस मामले में एक सुसाइड नोट और वीडियो सामने आया है। पानीपत पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी नरेंद्र कादियान के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। गठित टीम को एक सप्ताह के भीतर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अपनी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस पूरे प्रकरण में स्थानीय पुलिस की भूमिका को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है।
शनिवार को उपमंडल अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम कराया। महिला का शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में महिला का अंतिम संस्कार भनौली स्थित खेत में किया गया। उसने यही जहरीला पदार्थ निगला था। जेल से जमानत पर बाहर आए उसके बेटे कुलदीप ने अपनी मां को मुखाग्नि दी। इस दौरान पूरा गांव शोकाकुल नजर आया।
सुसाइड नोट और बेबसी का वीडियो हुआ वायरल
शुक्रवार सुबह बबली ने खेत में जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी थी। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें उसने कई लोगों पर प्रताड़ित करने के संगीन आरोप लगाए हैं। इसके अलावा महिला द्वारा मौत से ठीक पहले बनाया गया एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महिला की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उपमंडल अस्पताल में जमकर हंगामा किया था और आरोपियों के साथ-साथ पुलिस पर भी लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए थे।
पुश्तैनी जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहा था विवाद
परिजनों ने दावा किया कि विवादित जमीन पर दशकों से उनका पुश्तैनी कब्जा चला आ रहा है और सरकारी रिकॉर्ड में गिरदावरी भी उनके नाम दर्ज है। इसके बावजूद कुछ रसूखदार लोग फर्जी दस्तावेजों के सहारे जमीन हथियाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने मामले में 10 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अस्पताल परिसर में परिजनों ने स्थानीय विधायक से भी न्याय की गुहार लगाई थी। इस पर विधायक ने एसपी से बात कर निष्पक्ष जांच की बात कही थी।
महिला बबली की आत्महत्या के मामले में जांच के लिए एसआईटी गठन किया गया है। इसकी तय समय पर जांच दी जाएगी। एसआईटी मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच करेगी। पुलिस की संदिग्धता की जांच की जाएगी। -नरेंद्र कादियान, डीएसपी।
महिला की आत्महत्या के मामले में कार्रवाई करते पुलिसकर्मी। संवाद- फोटो : Samvad