पानीपत। विद्यार्थियों को इन दिनों मच्छरों से पैदा होने वाली मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव को लेकर शिक्षा विभाग भी गंभीर हुआ है। विभाग ने मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों से बचाने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक करने का निर्णय लिया है। इसके लिए विभाग द्वारा अभियान चलाया जाएगा जिसमें विद्यार्थियों को मलेरिया, डेंगू के लक्षण व बचाव के बारे में बताया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को उक्त बीमारियों से बचाया जा सके।
अभियान में नौंवी से 12वीं के विद्यार्थियों को भी शामिल किया जाएगा जो अपने अभिभावकों तथा अपने आसपास के लोगों को मलेरिया, डेंगू के लक्षणों व बचाव के बारे में जानकारी देंगे। इसके लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। निर्देशानुसार इस मौसम में मच्छरों से पैदा होने वाली बीमारियां मलेरिया, डेंगू आदि की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में सभी जिला शिक्षा अधिकारी अपने अधीनस्थ सभी सभी विद्यालय मुखियाओं को मलेरिया व डेंगू से बचाव और रोकथाम के कार्य करने बारे निर्देशित करें।
अभियान के तहत विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र के आसपास मच्छर विकर्षक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ऐसे पौधे लगाने से मच्छरों के पनपने की संभावना कम होती है तथा ऐसे पौधे मच्छरों को दूर भगाने का काम करते हैं। प्रत्येक विद्यालय यह सुनिश्चित करे कि विद्यालय में किसी भी स्थान पर पानी एकत्रित न रहे ताकि मच्छरों के पैदा होने की संभावना से बचा जा सके। मलेरिया, डेंगू के लक्षण व बचाव को लेकर जागरूक करने के लिए 27 मई को सभी विद्यालयों में दस्तक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह आठ से नौ बजे के बीच आयोजित कार्यक्रम में कक्षा नौवीं से 12वीं के विद्यार्थी विद्यालय के आसपास के घरों में जाकर डेंगू व मलेरिया के क्या लक्षण हैं तथा इससे बचाव के उपाय व उपचार की जानकारी प्रदान करेंगे। इस दौरान विद्यार्थी अपना सिर ढककर रखेंगे व पानी अपने साथ लेकर आएंगे। विद्यार्थियों के साथ अध्यापक का होना अनिवार्य है। जो विद्यार्थी उपरोक्तानुसार कार्य करेंगे, उन विद्यार्थियों की प्रार्थना सभा में प्रशंसा की जाए।
बॉक्स
रविवार को मनाया जाएगा ड्राई-डे
प्रत्येक रविवार को ड्राई-डे मनाया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत घरों के आस-पास किसी भी जगह पर पानी खड़ा न रहने दें। कूलर को नियमित रूप से साफ रखें। कोई भी ऐसी जगह जहां पर मच्छर पनपने की आशंका हो, उसे साफ रखें।
विद्यालय मुखियाओं को इन निर्देशों का भी करना होगा पालन
- प्रार्थना सभा में मच्छरों से पैदा होने वाली बीमारियों बारे विद्यार्थियों को जागरूक करें।
- विद्यार्थियों को निर्देशित करें कि वे पूरी बाजू की कमीज पहनना सुनिश्चित करें तथा पैरों को भी पूरी तरह ढक कर रखें।
- अध्यापक, विद्यार्थियों को डेंगू व मलेरिया के क्या लक्षण हैं तथा इससे बचाव के उपाय व उपचार की जानकारी प्रदान करें।
- मच्छरों से बचाव हेतु विद्यालयों में सभी महत्वपूर्ण उपाय किए जाएं।
वर्जन-
मलेरिया व डेंगू से बचाव को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों बारे सभी विद्यालय प्रमुखों को अवगत करवाया गया है। वहीं नौवीं से 12वीं के विद्यार्थी भी अभिभावकों व आसपास के लोगों केा बीमारियों की रोकथाम बारे जानकारी देंगे।
- राकेश बूरा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, पानीपत।