पानीपत। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के टर्म-1 की 10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षाएं जारी हैं। वीरवार को 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने विज्ञान विषय का प्रश्नपत्र दिया। पूछे गए सवाल बहुविकल्पीय थे, इसलिए विद्यार्थियों ने निर्धारित समय से पहले ही पेपर पूरा कर दिया था। बाद में परीक्षा केंद्र से बाहर निकले विद्यार्थियों ने कहा कि पेपर सरल भाषा में था, वहीं परीक्षा के दौरान कोरोना गाइडलाइन का भी पालन किया गया।
सीबीएसई टर्म-1 की मुख्य विषयों की परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को प्रश्न समझने के लिए 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। वहीं प्रश्नपत्र पूरा करने के लिए 90 मिनट का समय दिया गया। सुबह 11:30 बजे शुरू हुआ पेपर दोपहर एक बजे खत्म हुआ। सीबीएसई के निर्देशों के अनुसार ओएमआर सीट पर कोई भी सवाल बिना जवाब दिए नहीं छोड़ा गया। अगर विद्यार्थी को किसी प्रश्र का उत्तर नहीं आता है तो भी उसे संबंधित विकल्प चयन करना ही होगा। विद्यार्थियों ने सभी नियमों का पालन करते हुए पेपर दिया। विज्ञान के पेपर में विद्यार्थी संख्या पूरी होने के बावजूद पेपर के बाद मार्किंग का कार्य भी समय से ही पूरा हो गया। अध्यापकों ने सभी विद्यार्थियों के अंक ओईसीएमएस (ऑनलाइन एग्जाम सेंटर मैनेजमेंट सिस्टम) पर अपलोड किए। बाद में ओएमआर सीट को डाक के माध्यम से सीबीएसई को भेजा गया।
12वीं का अंग्रेजी का पेपर आज
वीरवार को 10वीं कक्षा का विज्ञान का पेपर सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। स्कूल संचालकों ने पहले दिन की कमियों से सबक लेते हुए पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली थी। प्रश्र पत्र समय पर अपलोड कर प्रिंट करवाया गया और निर्धारित समय पर विद्यार्थियों को दिया गया। बोर्ड परीक्षा के दौरान शुक्रवार को 10वीं कक्षा का गृह विज्ञान और 12वीं कक्षा का अंग्रेजी विषय का पेपर होगा।
- सीबीएसई टर्म-1 की मुख्य विषयों की परीक्षाओं के दौरान वीरवार को 10वीं कक्षा का विज्ञान विषय का पेपर हुआ। परीक्षा के दौरान किसी विद्यार्थी अथवा स्टाफ सदस्य को कोई परेशानी नहीं हुई। सभी परीक्षा केंद्रों पर कोरोना नियमों का पालन किया गया।
- विनीता तोमर, जिला कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई, पानीपत।