पानीपत। उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रदेश सहित जिले के महाविद्यालयों में जारी पंजीकरण प्रक्रिया में युवाओं का रुझान बीबीए और बीसीए जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में बना हुआ है। विद्यार्थी रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए बीबीए व बीसीए में भी रूचि दिखा रहे हैं। विषय विशेषज्ञों के अनुसार आधुनिक युग कंप्यूटर का युग है। वहीं, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इससे बीसीए व बीबीए में छात्र अपना कॅरिअर बनाना चाहते हैं। हालांकि विद्यार्थी कला संकाय में सबसे ज्यादा आवेदन कर रहे हैं। विद्यार्थियों की रूचि वाणिज्य व विज्ञान संकाय की ओर भी बढ़ती जा रही है। शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार विद्यार्थी डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, बिजनेस स्टडी जैसे क्षेत्रों में अपना कॅरिअर बनाना चाहते हैं।
वहीं, आवेदन को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह बना हुआ है। जिले में अब तक करीब 14 हजार आवेदन किए जा चुके हैं। शनिवार को भी ऑनलाइन आवेदन के लिए कॉलेजों में युवाओं की भीड़ रही। वहीं, कॉलेजों में स्थापित किए गए हेल्प डेस्क की मदद से विद्यार्थियों ने कोर्स व विषयों की बारिकी से जानकारी लेकर आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया 09 जून तक चलेगी।
विषय चयन को लेकर विद्यार्थी कर रहे मंथन
कॉलेजों में विभिन्न विषयों में आवेदन प्रक्रिया अपने अंतिम दौर में है। इसके बावजूद विद्यार्थी आवेदन से पहले विषय चयन को लेकर मंथन कर रहे है। एक्सपर्ट लेक्चरर सलाह दे रहे हैं कि रुचि अनुसार विषय को चुनें। चुने गए विषय कॅरिअर बनाने में सहायक होते हैं। दुविधा में हों तो अपने शिक्षक, मनोवैज्ञानिक या कॅरिअर काउंसलर की सलाह लेकर आगे बढ़ सकते हैं। कौन सा विषय उपयुक्त रहेगा, इसकी उधेड़बुन में विद्यार्थी विशेषज्ञों के पास पहुंच रहे हैं।
-
विभिन्न कॉलेजों में बीबीए व बीसीए पाठ्यक्रम की सीटें
कॉलेज बीबीए में सीटें बीसीए में सीटें
आर्य आदर्श कन्या महाविद्यालय मतलौडा 40 30
आर्य कॉलेज 260 300
डीबीजी राजकीय महाविद्यालय 40 40
आईबी कॉलेज 130 150
एसडी कॉलेज 80 80
गीता डिग्री कॉलेज शेरा - 30
नोट- उक्त आंकड़ा पोर्टल पर अपलोड डाटा के अनुसार है।
-
14 कॉलेजों में 11260 सीटों पर होगा दाखिला
जिले के 14 कॉलेजों में 11260 सीटों पर दाखिला किया जाएगा। इनमें चार राजकीय, 5 राजकीय सहायता प्राप्त तथा 5 सेल्फ फाइनेंस कॉलेज शामिल हैं। जिले में इस बार करीब 15500 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा पास की है। इसमें हरियाणा बोर्ड के 10175 विद्यार्थी तथा सीबीएसई के 5450 विद्यार्थी शामिल हैं। ऐसे में अपनी-अपनी सीटों को भरने के लिए काॅलेज प्रशासन द्वारा भी पूरा जोर लगा दिया गया है।
-
- यह समय सही विषय चयन करने का है। अगर दोस्तों की देखादेखी विषय लिया जाएगा तो इससे विद्यार्थियों की विषयों को लेकर रुचि कम रहेगी। पहले तो यही देखा जाए कि किस विषय पर उनकी मजबूत पकड़ है। अपनी रुचि के अनुसार विषय चयन किया जाए। जिससे उन्हें विषय समझकर पढ़ाई करने में आसानी होगी।
- तकदीर सिंह, सहायक प्रोफेसर, मनोविज्ञान, डाइट, पानीपत।
- कॉलेजों में नई शिक्षा नीति के तहत दाखिला होगा। आवेदन प्रक्रिया में तेजी आई है। विद्यार्थियों का कॉमर्स व साइंस संकाय की ओर रुझान बढ़ा है। वहीं, बीबीए व बीसीए कोर्स करने में भी विद्यार्थी रूचि दिखा रहे हैं। विद्यार्थी कौशल विकास के कोर्सेज को भी महत्व दे रहे हैं। हेल्प डेस्क के जरिए विद्यार्थियों को कोर्स व विषय की बारिकी से जानकारी दी जा रही है।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य महाविद्यालय, पानीपत।