देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों का कई दिनों से चल रहा रोष मंगलवार को खुलकर सामने आ गया और विद्यार्थियों ने इनसो नेताओं के साथ मिलकर कॉलेज गेट पर ताला जड़ दिया। इनसो नेताओं व विद्यार्थियों ने सरकार व कॉलेज प्रशासन के पर अनदेखी का आरोप लगाया और जोरदार प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने मूलभूत सुविधा तक न देने का आरोप लगाया और समाधान न होने पर फिर से विरोध में उतरने की चेतावनी दी। इनसो के सदस्यों व विद्यार्थियों के विरोध के चलते स्टाफ भी इंट्री नहीं हो सकी। इनसो नेता बलराज देशवाल ने कहा कि कॉलेज में विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधा तक नहीं दी जा रही। वे कॉलेज प्राचार्या को कई बार अपनी समस्या बता चुके हैं, लेकिन आश्वासन मिलने के बाद आज तक समाधान नहीं हो पाया है।
विद्यार्थियों का कहना है कि कॉलेज में टीचिंग स्टाफ पूरा नहीं है। जिसके चलते उनकी पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही
है। वे प्राचार्या से कई बार पर्याप्त स्टाफ देने की मांग कर चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
उन्होंने कहा कि स्नातक प्रथम वर्ष पास करने वाले विद्यार्थियों ने अगली कक्षा में दाखिला ले लिया है, लेकिन भत्ते आज तक नहीं मिल पाए हैं। वे इन मांगों को कई प्राचार्या के सामने रख चुके हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज में विद्यार्थियों के बैठने के लिए ड्यूल डेस्क तक नहीं है।
उनको जमीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। उन्होंने विद्यार्थियों की मांगों को लागू करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है और ऐसा न होने पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है। इस मौके पर पंकज, संजू कादियान, दीपक, प्रवीण, अमन, अजय मलिक, प्रमोद, विकास, राजेश, सुरेंद्र, मनीष व शुभम शर्मा मौजूद रहे।
विगत माह ही सीएम ने किया था उद्घाटन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा विगत माह ही सेक्टर-18 स्थित देशबंधु गुप्ता राजकीय कॉलेज का उद्घाटन किया था। इस पर करोड़ों रुपये का खर्च आया है। उच्चतर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के सामने विद्यार्थियों को हर सुविधा देने की बात कही थी, लेकिन कॉलेज विद्यार्थियों को नए भवन में सत्र शुरू होने के एक माह बाद भी पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पा रही।
स्टाफ को अंदर तक नहीं जाने दिया
इनसो व विद्यार्थियों ने मंगलवार सुबह ही कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। विद्यार्थियों ने एक भी स्टाफ को कॉलेज में इंट्री नहीं करने दी। जिसके चलते कई स्टाफ कर्मी कॉलेज से चले गए। उनको जाते देख कॉलेजों में बैठे विद्यार्थी भी बाहर निकल गए।
कॉलेज नए भवन में हाल ही में शिफ्ट हुआ है। कॉलेज में विद्यार्थियों की मांग अनुसार सुविधाओं का प्रबंध किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों को विद्यार्थियों की मांगों व समस्याओं के बारे भी अवगत दिया जा चुका है। विद्यार्थियों को कॉलेज में हर संभव व बेहतर सुविधा दी जाएगी।
सविता बवेजा, प्राचार्या, देशबंधु गुप्ता राजकीय कॉलेज पानीपत