गांव उरलाना कलां में शुक्रवार शाम ड्रेन में नहा रही तीसरी कक्षा की छात्रा की डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
12 साल की राखी पुत्री सन्नी उर्फ कालु की ड्रेन में नहाते समय मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस कारवाई करवाने से मना कर दिया और छात्रा का संस्कार कर दिया। हालांकि पुलिस मौके पर मौजूद रही। जानकारी के अनुसार गांव की डेहा बस्ती के पास से ही ड्रेन नंबर 8 बहती है। जिसमें गांव का गंदा पानी भी जाता है और ड्रेन करीब 15 फीट गहरी है। राखी के दादा महेंद्र ने बताया कि बस्ती के अन्य करीब 10-15 बच्चे भी ड्रेन में नहा रहे थे। एक बार वह राखी को ड्रेन से वापस ले आया, परंतु कुछ देर बाद वह फिर चली गई। नहाते समय वह गहरे पानी में चली और डूबने से उसकी मौत हो गई। महेंद्र ने बताया कि राखी के दो भाई और एक बहन है। चौकी इंचार्ज उरलाना सुभाष कुमार ने बताया कि परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से मना कर दिया था।