माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। दिवाली से पहले औद्योगिक नगरी की हवा जहरीली होने लगी है। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन की दिनभर की सख्ती के बावजूद रात में नियमों की अनदेखी हो रही है। मंगलवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 194 दर्ज किया गया था, जो बुधवार सुबह बढ़कर 321 तक पहुंच गया।
हालांकि, बुधवार शाम को एक्यूआई घटकर 239 दर्ज किया गया, लेकिन हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। देवपुरी रोड पर कूड़े के ढेर में आग लगाने की घटना ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बुधवार शाम देवपुरी रोड की एक गली में कूड़े के ढेर में आग लगा दी गई। इससे आसपास धुआं फैल गया और वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी हुई। स्थानीय निवासी रमेश और दीपक ने बताया कि नगर निगम की ओर से नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। देर शाम किसी ने कूड़े में आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में धुआं फैलने लगा।
सुबह-शाम स्मॉग, लोगों को सांस लेने में परेशानी : शहर में पिछले कुछ दिनों से सुबह और शाम स्मॉग छाने से दृश्यता प्रभावित हो रही है। प्रदूषण के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी की शिकायतें हो रही हैं। बच्चों और बुजुर्गों को इससे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
पर्यावरणविद् वरुण गुलाटी ने प्रशासन से रात के समय निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि कूड़ा जलाने और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए दिन के साथ रात में भी सख्त कार्रवाई जरूरी है।
जीटी रोड पर पानी का छिड़काव करते एंटी स्मॉग गन। स्रोत : निगम