पानीपत। होली पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस का सख्त पहरा रहेगा। इसके लिए जिले में 63 टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त करेंगी। संवेदनशील क्षेत्रों समेत जिले में 53 स्थानों पर नाकेबंदी की जाएगी। शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती होगी। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्ज को अपने अपने क्षेत्र में मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को फाग उत्सव मनाया जाएगा, जिसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रत्येक थाने में चार- चार पैदल गश्त पार्टी बनाकर नियुक्त की है। पूरे जिले में 63 गश्त पार्टी क्षेत्र में पैदल गश्त करेंगी। भीड़-भाड़ वाले इलाकों सहित विभिन्न स्थानों पर जवानों को सादी वर्दी में भी तैनात किया गया है, जिनकी असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रहेंगी। सीआईए की टीमें भी विशेष रूप से गश्त में रहेंगी। यातायात को व्यवस्थित रूप से चलाने के लिए मुख्य चौराहों पर विशेष पुलिस दस्ते तैनात रहेगें। सभी ईआरवी, पीसीआर व राइडर को निर्देश दिए गए है कि पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जहां भी अव्यवस्था की सूचना प्राप्त होगी तुरंत मौके पर जाकर स्थिति से निपटेगें।
नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती
होली पर शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर भी सख्ती की जाएगी। मोटरसाइकिल के साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाज निकालने वाली बाइक को तुरंत जब्त किया जाएगा। सभी मार्गों व चौक चौराहों पर 58 स्थानों पर नाकाबंदी कर प्रभावी चेकिंग की जाएगी।